अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सेना और पूर्व सैनिकों ने किया योगाभ्यास, निशुल्क नेत्र जांच शिविर में 300 लोगों ने लिया लाभ

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

जमशेदपुर, 21 जून : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सोनारी मिलिट्री स्टेशन में भारतीय सेना की ओर से भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेना के जवानों के साथ पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पूर्वी सिंहभूम के पदाधिकारियों एवं सदस्यों तथा जय हो टीम के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सेना के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विपरीत मौसम और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता देखने को मिली। उपस्थित लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ और निरोग रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मन, विचार, व्यवहार और जीवन के विभिन्न आयामों में संतुलन स्थापित करने का सशक्त साधन है। योग व्यक्ति को स्वयं, समाज और प्रकृति से जोड़कर सकारात्मक एवं सार्थक जीवन जीने की प्रेरणा देता है।

योग शिविर के साथ-साथ साकची स्थित एएसजी आई हॉस्पिटल की ओर से निशुल्क नेत्र जांच शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। आयोजन में लगभग 300 लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम के दौरान एएसजी अस्पताल के डिप्टी जनरल मैनेजर श्याम बिहारी शर्मा, जोनल मैनेजर फहीम काज़मी, एएसएम नजमुल हसन तथा असिस्टेंट मैनेजर इमरान ने सेना के वरिष्ठ अधिकारियों, पूर्व सैनिक सेवा परिषद पूर्वी सिंहभूम के जिलाध्यक्ष बृजकिशोर सिंह, महामंत्री सुशील कुमार सिंह, जय हो टीम के संयोजक हरेंदू शर्मा, योग शिक्षक शिवकुमार सिंह एवं पहाड़ी बाबा को अंगवस्त्र, प्रशस्ति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

वहीं, गम्हरिया स्थित किआ शोरूम ने भी कार्यक्रम में अपने नवीनतम चार पहिया वाहनों की प्रदर्शनी लगाई। शोरूम प्रतिनिधियों ने उपस्थित सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों को विभिन्न मॉडलों की विशेषताओं तथा उपलब्ध विशेष छूट की जानकारी दी।

कार्यक्रम में शामिल जय हो टीम के सदस्यों ने सेना के अनुशासन, कार्य संस्कृति और संगठनात्मक कार्यशैली की सराहना करते हुए अपने जीवन में भी इन मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया। योग, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सहभागिता से परिपूर्ण यह आयोजन सभी प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायी और यादगार साबित हुआ।

Share This Article