राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया मदरहुड मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस अस्पताल, कोल्हान के लोगों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सेवा

जमशेदपुर, 07 अगस्त : जमशेदपुर में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में शुक्रवार को एक नई सुविधा की शुरुआत हुई। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने साकची स्थित मदरहुड मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर शहर के चिकित्सक, उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अस्पताल का शुभारंभ “Healing Hands, Caring Heart” की भावना के साथ किया गया है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यहां आधुनिक चिकित्सा तकनीक, अत्याधुनिक उपकरण और अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध होंगी। अस्पताल का उद्देश्य मरीजों को एक ही छत के नीचे गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और समग्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।

उद्घाटन समारोह में आरआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. (डॉ.) गौतम सुधाकर तथा एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों ने अस्पताल की आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि यह संस्थान जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

अस्पताल की चिकित्सा निदेशक डॉ. प्रिया वर्मा ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य आधुनिक चिकित्सा तकनीक को मानवीय संवेदनाओं के साथ जोड़कर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के साथ अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर, उन्नत डायग्नोस्टिक सुविधाएं और इमरजेंसी चिकित्सा सेवाओं की व्यवस्था की गई है।

वहीं, अस्पताल की संरक्षक शांति मिश्रा ने कहा कि यह संस्थान केवल एक अस्पताल नहीं, बल्कि समाज के प्रति सेवा और समर्पण की भावना का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मदरहुड मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल जमशेदपुर के साथ-साथ पूरे कोल्हान क्षेत्र के लोगों को आधुनिक और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मदरहुड मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ 37, न्यू बाराद्वारी, जनता कॉलेज रोड, साकची, जमशेदपुर में किया गया है। अस्पताल के शुरू होने को शहर के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे जमशेदपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के लिए बेहतर विकल्प मिलने की उम्मीद है।

Share This Article