पटमदा में दर्दनाक सड़क हादसा : तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आकर युवक की मौत, ग्रामीणों ने जाम किया सड़क

Manbhum Updates
2 Min Read

पटमदा में दर्दनाक सड़क हादसा : तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आकर युवक की मौत, ग्रामीणों ने जाम किया सड़क

जमशेदपुर/पटमदा, 22 सितंबर : पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत जलडहर पेट्रोल पंप के पास सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान लावा पंचायत के कियाबोहाल गांव निवासी 30 वर्षीय गंगासागर टुडू के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गंगासागर टुडू दिहाड़ी मजदूरी करने के लिए रोजाना की तरह सुबह बाइक से जमशेदपुर जा रहे थे। इसी दौरान रांगामाटी से बालू लेकर आ रहा एक हाइवा गलत दिशा में जाकर अनियंत्रित हो गया और युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और शव कई फीट तक घसीटते हुए हाइवा के नीचे फंस गया। हेलमेट पहनने के बावजूद गंगासागर की सिर कुचलने से दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने टाटा–पटमदा मुख्य सड़क को जाम कर दिया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए जिससे यातायात बाधित हो गया और कई यात्री बसों को वैकल्पिक मार्ग से जाना पड़ा। सूचना मिलते ही पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत, बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग और लावा पंचायत के मुखिया कानूराम बेसरा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता शुरू की।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बालू लदे हाइवा अक्सर तेज रफ्तार से इस मार्ग पर दौड़ते हैं और स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। मुखिया कानूराम बेसरा ने भी स्पष्ट कहा कि चालक की लापरवाही से यह घटना हुई, जिसने गलत दिशा में जाकर बाइक को कुचल दिया।

पुलिस ने हाइवा चालक को हिरासत में ले लिया है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल सड़क जाम हटाने और स्थिति को सामान्य करने की कोशिश जारी है।

Share This Article