दुगनी विद्यालय में महिला सुरक्षा एवं नशा-मुक्ति पर पुलिस का जागरूकता अभियान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

दुगनी विद्यालय में महिला सुरक्षा एवं नशा-मुक्ति पर पुलिस का जागरूकता अभियान

सरायकेला, 03 दिसंबर : सरायकेला-खरसावाँ पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा और अपराध रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे विशेष जनजागरूकता अभियान के तहत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, दुगनी में छात्र-छात्राओं और महिलाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व परीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक पूजा कुमारी ने किया, जबकि महिला थाना प्रभारी एसआई कुमारी तिलोत्मा, एएसआई नंदिता बिरुआ और महिला आरक्षी अनुराधा एवं अंजली मुर्मू भी मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में महिलाओं और किशोरियों को महिला अपराध के प्रकार, उनसे बचाव के तरीके, त्वरित सहायता के लिए डायल-112, तथा साइबर ठगी से निपटने हेतु टोल-फ्री नंबर 1930 की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने पॉक्सो एक्ट, महिलाओं के कानूनी अधिकार, बाल विवाह की रोकथाम, और घरेलू हिंसा से संरक्षण कानून से जुड़े प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया।

इसके अलावा नशा-मुक्ति और अफीम/गांजा की अवैध खेती के दुष्परिणामों पर भी चर्चा की गई, और छात्रों को ऐसी गतिविधियों की जानकारी पुलिस को तुरंत देने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका एवं सभी शिक्षकगण ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम युवाओं में सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।

Share This Article