स्वर्णरेखा नदी से मिला लापता युवक का शव, हत्या की आशंका पर तीन गिरफ्तार

जमशेदपुर, 04 दिसंबर : स्वर्णरेखा नदी में गुरुवार सुबह चार दिनों से लापता युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान मानगो के संकोसाईं स्थित श्यामनगर के निवासी 24 वर्षीय प्रदीप साहू के रूप में की गई। शव मिलने की खबर के साथ ही उसके घर में मातम छा गया और परिजनों का रो–रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोग सुबह श्यामनगर के छठ घाट की ओर निजी कार्य से जा रहे थे। इस दौरान नदी के किनारे उनकी नजर पानी में उतराते एक शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर उन्होंने प्रदीप साहू की पहचान की और तुरंत इसकी सूचना उलीडीह थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि प्रदीप रविवार को अपने तीन साथियों के साथ घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तीनों संदिग्ध साथियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में मामला हत्या का होने की बात सामने आई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तीनों ने मिलकर प्रदीप की जघन्य हत्या कर शव को छिपाने के लिए नदी में फेंक दिया था।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और घटना के कारणों की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।



