मनोज चौधरी की पहल लाई रंग, चौका मोड़ के जानलेवा गड्ढों की हुई मरम्मत, स्थानीय लोगों ने जताया आभार
सरायकेला/चांडिल, 02 जुलाई : सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष सह झामुमो नेता मनोज चौधरी की तत्पर पहल से टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-33) स्थित चौका मोड़ के पास लंबे समय से बने बड़े-बड़े गड्ढों की आखिरकार मरम्मत कर दी गई। सड़क की मरम्मत होने से राहगीरों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है तथा मनोज चौधरी के प्रयास की सराहना की है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह मनोज चौधरी कांड्रा-चौका मार्ग होते हुए रांची जा रहे थे। इसी दौरान चौका मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने बड़े-बड़े गड्ढों पर उनकी नजर पड़ी। सड़क की जर्जर स्थिति और दुर्घटना की आशंका को देखते हुए उन्होंने तत्काल भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों से फोन पर बात की और बिना विलंब गड्ढों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया।
मनोज चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे इस मामले की शिकायत जिला प्रशासन से करेंगे। उनके हस्तक्षेप के बाद एनएचएआई की टीम सक्रिय हुई और चौका मोड़ स्थित क्षतिग्रस्त हिस्से में गड्ढों को भरने के साथ सड़क का कालीकरण भी कराया गया।
शाम को रांची से लौटते समय मनोज चौधरी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य का जायजा लिया। उन्होंने देखा कि सड़क के बड़े गड्ढों की मरम्मत पूरी कर दी गई है, जिससे वाहन चालकों को अब काफी राहत मिलेगी।
स्थानीय लोगों और नियमित रूप से इस मार्ग से आने-जाने वाले वाहन चालकों ने कहा कि चौका मोड़ पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। समय रहते पहल कर सड़क की मरम्मत कराए जाने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। लोगों ने मनोज चौधरी की सक्रियता और जनहित के प्रति उनकी संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को इसी तरह जनता की समस्याओं पर त्वरित पहल करनी चाहिए।