नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम बैच का शुभारंभ, मुख्यमंत्री हुए शामिल

आदित्यपुर, 09 जनवरी :: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, आदित्यपुर में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के प्रथम बैच के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य में नए मेडिकल कॉलेज और अस्पताल खुलने से गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का मार्ग प्रशस्त हो रहा है, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरायकेला-खरसावां जैसे अपेक्षाकृत छोटे जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना सराहनीय पहल है। इससे न केवल उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध होंगी। उन्होंने एमबीबीएस पाठ्यक्रम में नामांकित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज को उनसे बड़ी उम्मीदें होंगी और उन्हें पूरा विश्वास है कि वे एक बेहतर चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे।
मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और एक सशक्त हेल्थ इको सिस्टम विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अगले पांच वर्षों में राज्य में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 25 से 30 करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। चुनौतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जब चुनौतियां होती हैं, तभी कार्य करने का वास्तविक आनंद मिलता है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, सांसद जोबा मांझी, विधायक दशरथ गागराई, सविता महतो, समीर मोहंती, मंगल कालिंदी, सोमेश चंद्र सोरेन, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह तथा नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अध्यक्ष मदन मोहन सिंह सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।



