शहीद दिवस पर युवाओं ने दिखाई देशभक्ति की मिसाल, “मेरा भारत, मेरी ज़िम्मेदारी” अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला, 23 मार्च : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “मेरा भारत, मेरी ज़िम्मेदारी” अभियान के अंतर्गत मेरा युवा भारत, सरायकेला–खरसावाँ द्वारा शहीद दिवस के अवसर पर एन.आर. प्लस टू उच्च विद्यालय, सरायकेला में श्रद्धांजलि एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाध्यापिका, जिला युवा अधिकारी श्री क्षितिज एवं अन्य शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव थापर एवं शिवराम राजगुरु के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि शहीदों का बलिदान केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रभक्ति, सामाजिक दायित्व और जनभागीदारी की भावना को आत्मसात करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के स्वयंसेवकों को “माय भारत” अभियान की टी-शर्ट एवं टोपी वितरित की गई। इसके उपरांत राष्ट्रभक्ति जागरूकता के उद्देश्य से एक भव्य पदयात्रा निकाली गई, जिसमें छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। देशभक्ति नारों से गूंजते वातावरण के बीच निकली इस पदयात्रा में लगभग 350 प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता रही। पदयात्रा का समापन पुनः विद्यालय परिसर में किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों के बीच जलपान का वितरण किया गया। यह आयोजन युवाओं में देशप्रेम, जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Share This Article