
साकची नेताजी सुभाष मैदान से आमबगान तक निकली पदयात्रा, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और मधु कोड़ा समेत कई दिग्गज हुए शामिल
जमशेदपुर, 05 नवंबर : भाजपा जमशेदपुर महानगर ने गुरुवार को ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत विशाल पदयात्रा निकालकर विपक्षी दलों के खिलाफ राजनीतिक मोर्चा खोला। साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान में जनसभा के बाद शुरू हुई यह पदयात्रा आमबगान तक पहुंची। इसमें भाजपा के कई दिग्गज नेताओं के साथ बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा के दौरान नेताओं ने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर झूठे राजनीतिक एजेंडे चलाने, दोहरे मापदंड अपनाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया।
पदयात्रा में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां, सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, मीरा मुंडा, धनबाद के विधायक राज सिन्हा और विधायक सरयू राय समेत कई पूर्व सांसद, पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल हुए।
जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि विपक्षी दल जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उनके झूठे वादों और दोहरे राजनीतिक चरित्र को जनता समझ चुकी है। नेताओं ने कहा कि देश और राज्य में लोकतंत्र की रक्षा तथा अराजकता के खिलाफ जनजागरूकता जरूरी है।
पदयात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अभियान का संदेश आम लोगों तक पहुंचाया। साकची की सड़कों पर निकली इस पदयात्रा के माध्यम से भाजपा ने विपक्षी दलों के खिलाफ अपनी राजनीतिक आवाज बुलंद की।



