सरायकेला/चांडिल, 5 अगस्त : कोल्हान में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान में झारखंड पुलिस और CRPF को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सुरक्षा बलों ने सरायकेला-खरसावां जिले में गुप्त सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाकर 25 लाख रुपये के इनामी तीन हार्डकोर नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को कोल्हान में सक्रिय नक्सली नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
गिरफ्तार नक्सलियों में 15 लाख रुपये का इनामी मदन महतो, 5 लाख रुपये का इनामी सागर सिंह उर्फ रवि सरदार तथा 5 लाख रुपये की इनामी मीणा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मीणा, सागर सिंह उर्फ रवि सरदार की पत्नी है और लंबे समय से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय रही है।
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के कब्जे से एक AK-47 राइफल, एक पिस्टल तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। अधिकारियों ने बताया कि तीनों के जिले में छिपे होने की गुप्त सूचना मिलने के बाद इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके दौरान उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि तीनों नक्सली लंबे समय से प्रतिबंधित संगठन के लिए सक्रिय थे और कई गंभीर मामलों में वांछित थे। पुलिस अब उनसे संगठन के नेटवर्क, हथियारों की आपूर्ति, वित्तीय स्रोत और अन्य सहयोगियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
दलमा का कुख्यात चेहरा था सागर सिंह
गिरफ्तार सागर सिंह उर्फ रवि सरदार सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के टेंगाडीह गांव के बेनाडीह टोला का रहने वाला है। वह किशोरावस्था में ही नक्सली संगठन से जुड़ गया था और वर्षों तक कोल्हान क्षेत्र में संगठन की गतिविधियों का अहम हिस्सा बना रहा। उसके सिर पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वहीं, सागर सिंह उर्फ रवि सरदार की कथित पत्नी मीणा पहाड़िया पश्चिम बंगाल के बलरामपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। बताया जा रहा है कि संगठन में साथ रहने के दौरान दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चला और बाद में शादी कर ली।
जानकारी के अनुसार, हाल के महीनों में पश्चिम सिंहभूम के सारंडा जंगल में पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद सागर सिंह और असीम मंडल का दस्ता दलमा क्षेत्र में आकर छिप गया था। सुरक्षा एजेंसियां लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं और सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया था। आखिरकार सटीक सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली।
पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से सरायकेला-खरसावां, पश्चिम सिंहभूम और पूरे कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय नक्सली नेटवर्क को गहरा झटका लगा है। सुरक्षा बलों का नक्सल विरोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।