चांडिल : चिलगु में आज रात मानभूम सुपर नाईट धमाका

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल : चिलगु में आज रात मानभूम सुपर नाईट धमाका

चांडिल, 29 सितंबर : दुर्गा पूजा पर्व के अवसर पर चांडिल प्रखंड के चिलगु पुनर्वास कॉलोनी में आज महासप्तमी की रात मानभूम सुपर नाईट धमाका का भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।

कार्यक्रम में राढ़ बांग्ला (मानभूम) भाषा के सुप्रसिद्ध गायक शंकर तंतुबाई एंड टीम अपनी प्रस्तुति देंगे। उनके साथ मंच पर मशहूर गायिका पायल बाद्यकर, डांसर देवराज और अक्षय सहित अन्य कलाकार भी श्रोताओं एवं दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

मानभूम भाषा और झूमर गीतों को नई पहचान

मानभूम क्षेत्र की प्राचीन भाषा राढ़ बंगला (मानभूम) और झूमर संगीत को बढ़ावा देने में गायक शंकर तंतुबाई की अहम भूमिका रही है। वे केवल मानभूम भाषा में गीत प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया एवं झारखंड के धनबाद, बोकारो, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम सहित विभिन्न जिलों में उनकी खास पहचान है।

उनकी प्रस्तुति के कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रोताओं की भीड़ उमड़ती है। इसी वजह से चिलगु पुनर्वास कॉलोनी में आयोजित यह सुपर नाईट धमाका स्थानीय लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनने वाला है।

शंकर तंतुबाई ने कहा कि चिलगु में आयोजित कार्यक्रम के लिए वे काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि अपने मातृभाषा – मानभूम भाषा में गीत गाने में खूब आनंद आता है।

Share This Article