
रांची, 21 मार्च : झारखंड की राजधानी रांची अब एक ऐसे भव्य स्मारक पार्क की ओर बढ़ रही है, जो सिर्फ एक पर्यटन स्थल नहीं बल्कि इतिहास, संघर्ष और पहचान का जीवंत केंद्र बनेगा। राज्य सरकार ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति में धुर्वा डैम के समीप अत्याधुनिक ‘स्टेट ऑफ आर्ट’ पार्क विकसित करने की योजना को आगे बढ़ा दिया है।
यह परियोजना देश के प्रसिद्ध Statue of Unity की तर्ज पर तैयार की जाएगी, जिससे रांची को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। पार्क में गुरुजी की एक विशाल और आकर्षक प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जो आने वाले समय में शहर का नया लैंडमार्क बन सकती है।
इस महत्वाकांक्षी योजना की जिम्मेदारी पर्यटन विभाग को सौंपी गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार स्वयं स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं, जिससे परियोजना की गंभीरता और प्राथमिकता स्पष्ट होती है।
पार्क को केवल एक स्मारक तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे ‘लिविंग हिस्ट्री स्पेस’ के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां शिबू सोरेन के जीवन संघर्ष, खासकर महाजनी प्रथा के खिलाफ उनके आंदोलन को दस्तावेजों, दुर्लभ तस्वीरों और प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही एक अत्याधुनिक स्मृति हॉल का निर्माण होगा, जहां झारखंड आंदोलन में उनकी भूमिका और उपलब्धियों को डिजिटल व इंटरैक्टिव तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।
धुर्वा डैम के पास लगभग चार एकड़ भूमि इस परियोजना के लिए चिन्हित की गई है। रिंग रोड से बेहतर कनेक्टिविटी और पहले से ही लोकप्रिय लोकेशन होने के कारण यह पार्क स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी पर्यटकों को भी आकर्षित करेगा।
सरकार की इस पहल को राज्य में ‘हेरिटेज टूरिज्म’ को बढ़ावा देने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को अपने इतिहास से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



