
रामगढ़, 21 मार्च : कुजू क्षेत्र के पुराना एनएच-33 स्थित रामाग्लास गुड़ीदोहर के पास बीती रात एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार और कथित नशे में ड्राइविंग ने एक महिला को जिंदगी और मौत के बीच पहुंचा दिया।
जानकारी के अनुसार, कुजू से रामगढ़ की ओर जा रही अर्टिगा कार की सामने से आ रहे ऑटो से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में ऑटो सवार कुजू निवासी एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत इलाज के लिए भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि कार चालक नशे की हालत में था और वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर कुजू ओपी ले जाया गया। पुलिस अब चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और पूरे मामले की जांच में जुटी है।
इस घटना ने एक बार फिर नशे में वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है, जो न सिर्फ चालक बल्कि राहगीरों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है।



