बेलगुमा पुलिस लाइंस में मना राष्ट्रीय एकता दिवस, एसपी ने किया मस्टर परेड का निरीक्षण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर पुलिस अधिकारियों को मिला प्रशंसा प्रमाण पत्र, एकता और अखंडता की शपथ के साथ दिया गया राष्ट्रसेवा का संदेश

 

पुरुलिया, 31 अक्टूबर : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पुरुलिया के बेलगुमा पुलिस लाइंस में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस विभाग की ओर से औपचारिक मस्टर परेड का आयोजन किया गया। परेड का निरीक्षण पुरुलिया के पुलिस अधीक्षक कुमार सन्नी राज (आईपीएस) ने किया।

इस दौरान एसपी ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पुलिसकर्मियों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम जनता की सुरक्षा और सेवा को पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी बताया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिसिंग के क्षेत्र में सराहनीय कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और अनुकरणीय योगदान देने वाले मेधावी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय एकता दिवस के इस आयोजन के माध्यम से पुरुलिया जिला पुलिस ने देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के साथ कानून-व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रसेवा, अनुशासन और व्यावसायिक दक्षता के साथ जनता की सेवा करने का संकल्प भी प्रदर्शित किया।

Share This Article