राजस्व बढ़ोतरी और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर सरकार का जोर, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक
MANBHUM UPDATES, Desk | 25 MAY
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में सोमवार को झारखंड मंत्रालय में वित्त एवं वाणिज्य-कर विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य की वित्तीय स्थिति, राजस्व संग्रह की वर्तमान स्थिति, बजट प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य के राजस्व संग्रह में वृद्धि लाने के लिए सभी आवश्यक कदम तेजी से उठाए जाएं तथा कर संग्रह व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता राज्य के विकास कार्यों को गति देना और आम जनता तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों से बजट प्रावधानों के अनुरूप योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन की अद्यतन जानकारी ली। उन्होंने लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने, विकास योजनाओं में गुणवत्ता बनाए रखने और वित्तीय अनुशासन का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में यह भी समीक्षा की गई कि विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक किस स्तर तक पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
उच्च स्तरीय बैठक में वित्त एवं वाणिज्य-कर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे तथा विभागीय कार्यों और आगामी रणनीतियों को लेकर विस्तृत प्रस्तुति दी गई।