टाटा-रांची एनएच पर हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटना में दो गंभीर

चांडिल, 07 अक्टूबर : टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर मंगलवार को हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति और एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार चौका थाना क्षेत्र के झाबरी के पास एनएच 33 पर 15 वर्षीय एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। किशोर घायल अवस्था में सड़क पर तड़प रहा था, जिसे स्थानीय लोगों ने किनारे लाकर इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही चौका थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोर को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल चांडिल पहुंचाया। घायल किशोर की पहचान चौका थाना क्षेत्र के उरमाल निवासी 15 वर्षीय रमा कालिंदी के रूप में किया गया है। किशोर घायल कैसे हुआ इसकी सही जानकारी नहीं मिल पायी है। कुछ स्थानीय लोगों का कहना था कि किशोर किसी यात्री वाहन से गिर गया था। चौका थाना की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।




