अस्पताल में भर्ती विधायक पूर्णिमा साहू का हाल जानने पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अस्पताल में भर्ती विधायक पूर्णिमा साहू का हाल जानने पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू

जमशेदपुर, 24 जून : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा दास साहू के अस्वस्थ होने और अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलते ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू बुधवार को टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती विधायक से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

जानकारी के अनुसार विधायक पूर्णिमा दास साहू की तबीयत मंगलवार देर रात अचानक बिगड़ गई थी। ब्लड प्रेशर में गिरावट और अस्वस्थ महसूस होने पर परिजन उन्हें तत्काल टीएमएच लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें विशेष निगरानी में रखा। बेहतर चिकित्सकीय देखरेख के लिए उन्हें आईसीयू/सीसीयू में भर्ती किया गया है।

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक विधायक की स्थिति फिलहाल स्थिर है और स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है। चिकित्सकों का कहना है कि समय पर इलाज मिलने से उनकी स्थिति नियंत्रण में है।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने चिकित्सकों से भी विधायक के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि पार्टी परिवार पूर्णिमा दास साहू के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहा है और उन्हें हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

विधायक के अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं, समर्थकों तथा क्षेत्र के लोगों का अस्पताल पहुंचने का सिलसिला जारी है। कई जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

गौरतलब है कि पूर्णिमा दास साहू हाल के दिनों में लगातार जनसंपर्क कार्यक्रमों, विकास योजनाओं की समीक्षा बैठकों और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग ले रही थीं। उनके अचानक अस्वस्थ होने की खबर से समर्थकों में चिंता का माहौल है। हालांकि चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है।

Share This Article