रांची : आजसू पार्टी की बैठक संपन्न, संगठन की मजबूती पर जोर – सुदेश महतो

रांची, 23 अगस्त : आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक कार्यों की प्रगति, भविष्य की रणनीति और विभिन्न जिलों की गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए आजसू पार्टी प्रमुख एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने कहा कि झामुमो–कांग्रेस गठबंधन जनता की आकांक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंचायत और ग्राम स्तर पर संगठन को मजबूत करने की अपील की। सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड की जनता आजसू पार्टी से उम्मीद लगाए बैठी है और कार्यकर्ताओं को इस जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाना होगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड में नई राजनीतिक चेतना जागृत करने की आवश्यकता है। झारखंडी अस्मिता की तलाश में जनता आजसू की ओर देख रही है। उन्होंने झामुमो पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में आने के बाद उसने झारखंडी विचारों से भटक कर जनता के साथ छल किया है।
सुदेश महतो ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार नौकरी, नियोजन, विस्थापन, पुनर्वास और मुआवजे जैसे अहम मुद्दों पर पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड निर्माण का मूल उद्देश्य अब तक पूरा नहीं हो सका है, जिसके कारण आम जनता में आक्रोश है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आजसू पार्टी मुख्य विपक्ष के रूप में जनमुद्दों पर निर्णायक लड़ाई लड़ने को तैयार है।

बैठक में मांडू विधायक तिवारी महतो, पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो, मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर एवं मो. हसन अंसारी, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष नजरुल हसन हाशमी, महासचिव सह प्रवक्ता संजय मेहता, महासचिव दीपक महतो समेत कई नेताओं ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूर्व आईएएस बृज मोहन प्रसाद ने किया।



