चांडिल : जांताल पूजा स्थल भूमि विवाद में दोनों पक्षों को 107 का नोटिस, 2 सितंबर को अदालत में पेशी

चांडिल, 23 अगस्त : चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी स्थित जांताल पूजा स्थल और आदिम जनजाति की भूमि पर कथित अतिक्रमण का विवाद अब प्रशासनिक स्तर पर गंभीर मोड़ ले चुका है। बढ़ते तनाव को देखते हुए चांडिल अनुमंडल दंडाधिकारी ने दोनों पक्षों को दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 107 के तहत नोटिस जारी किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दंडाधिकारी ने विवेकानंद तिवारी और भूषण पहड़िया को नोटिस जारी करते हुए आगामी 2 सितंबर को न्यायालय में उपस्थित होने का आदेश दिया है। प्रशासन ने यह कदम शांति-व्यवस्था बनाए रखने और विवाद को विधिक प्रक्रिया के तहत निपटाने के उद्देश्य से उठाया है।
स्थानीय स्तर पर यह मामला बीते कई दिनों से चर्चा में है। आदिवासी समाज का आरोप है कि उनके परंपरागत पूजा स्थल और भूमि पर अतिक्रमण करने की कोशिश की जा रही है, वहीं दूसरी ओर दूसरा पक्ष अपने दावे को सही ठहराने में जुटा है।
फिलहाल, दोनों पक्षों को अदालत में अपनी-अपनी दलीलें रखने का अवसर मिलेगा। प्रशासन ने साफ किया है कि मामले का समाधान विधिक प्रक्रिया और साक्ष्यों के आधार पर किया जाएगा।


