उपायुक्त ने किया DMFT एवं अनाबद्ध निधि योजनाओं की समीक्षा

सरायकेला, 11 दिसंबर : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में DMFT (District Mineral Foundation Trust) एवं जिला अनाबद्ध निधि से संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक की गई। बैठक में निदेशक DRDA डॉ. अजय तिर्की, जिला योजना पदाधिकारी, विभिन्न कार्यपालक एवं सहायक अभियंता सहित कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने पूर्व निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी एजेंसियों को योजना-वार अद्यतन प्रगति उपलब्ध कराने तथा लंबित कार्यों के कारण स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2023–24 से 2025–26 तक स्वीकृत योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों एवं तकनीकी प्रावधानों के अनुरूप हों। उन्होंने कहा कि स्थलीय निरीक्षण नियमित रूप से किया जाए और किसी भी कमी पर तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने प्रशासनिक स्वीकृति, तकनीकी अनुमोदन एवं निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ही कार्यारंभ करने पर बल दिया। सभी योजनाओं की प्रगति को DMFT एवं अनाबद्ध निधि पोर्टल पर समय पर अपडेट करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने लंबित परियोजनाओं में ठोस प्रगति, पूर्ण कार्यों के शीघ्र हैंडओवर तथा संबंधित भुगतानों के निपटारे को प्राथमिकता देने को कहा।
भूमि-संबंधित विवादों और अवरोधों के त्वरित समाधान की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया, ताकि योजनाओं का कार्यान्वयन बाधित न हो। उपायुक्त ने कहा कि सभी विभाग समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, जिससे विकास कार्यों का लाभ जनता तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।



