राज्यसभा चुनाव : बैजनाथ राम ने किया नामांकन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी शुभकामनाएं
रांची, 08 जून: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता एवं महागठबंधन के राज्यसभा प्रत्याशी बैजनाथ राम ने सोमवार को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, महागठबंधन के मंत्रीगण, विधायक एवं विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। नामांकन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित महागठबंधन के नेताओं ने बैजनाथ राम को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनकी जीत की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बैजनाथ राम का राजनीतिक जीवन लंबे अनुभवों, जनसेवा के प्रति समर्पण और सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से परिपूर्ण रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि बैजनाथ राम का अनुभव और कार्यशैली राज्यसभा में झारखंड की आवाज को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास, जनता के अधिकारों तथा सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से संसद में उठाने में बैजनाथ राम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। हेमंत सोरेन ने कहा कि महागठबंधन को पूरा भरोसा है कि बैजनाथ राम राज्यसभा चुनाव में विजय प्राप्त कर झारखंड के हितों, अधिकारों और जनभावनाओं का सशक्त प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में उनकी उपस्थिति झारखंड के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से रखने में सहायक होगी। नामांकन के दौरान महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया। नेताओं ने इसे झारखंड की जनता की आकांक्षाओं और राज्य के हितों को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।