दिल्ली होटल अग्निकांड में बोकारो की बेटी की मौत, जैनामोड़ में शोक की लहर
बोकारो, 04 जून : देश की राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में लगी भीषण आग ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। इस दर्दनाक हादसे में झारखंड के बोकारो जिले के जैनामोड़ की रहने वाली 26 वर्षीय सुरभि कुमारी की भी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, होटल में अचानक आग लगने के बाद अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि इसकी चपेट में आने से 21 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में जैनामोड़ निवासी सुरभि कुमारी भी शामिल हैं।
सुरभि जैनामोड़ के प्रसिद्ध व्यवसायी एवं विकास आटा चक्की के संचालक रमेश प्रसाद बरनवाल की पुत्री थीं। उनकी असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं जैनामोड़ और आसपास के क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
बताया जा रहा है कि सुरभि किसी कार्य से दिल्ली गई हुई थीं और उसी दौरान वह होटल में ठहरी थीं। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
फिलहाल हादसे की जांच की जा रही है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित एजेंसियां जांच में जुटी हुई हैं। इस दुखद घटना ने एक बार फिर होटल और सार्वजनिक भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।