विश्व आदिवासी दिवस पर उपायुक्त ने वीर शहीदों को किया नमन

सरायकेला, मानभूम अपडेट्स डेस्क,9 अगस्त : विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर शनिवार को सरायकेला के सिदो-कान्हू पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा और अन्य वरीय अधिकारियों ने सिदो-कान्हू, बिरसा मुंडा, दिवा-किसुन समेत झारखंड के अन्य वीर आदिवासी महापुरुषों के स्मारक और तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस मौके पर उपायुक्त ने कहा कि आदिवासी समाज की गौरवशाली परंपरा, त्याग और बलिदान पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विश्व आदिवासी दिवस को न केवल पहचान और गौरव का प्रतीक बताया, बल्कि इसे सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर भी कहा।
उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और विकास में सक्रिय योगदान दें तथा आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और इतिहास के संरक्षण में सहभागी बनें।



