मुस्लिम बस्ती से 8.22 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, आदित्यपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई – तैय्यब अंसारी नामक युवक गिरफ्तार, जेल भेजा गया, पूर्व में भी रहा है आपराधिक इतिहास

प्रेसवार्ता (फोटो)
आदित्यपुर, सरायकेला-खरसावां 3 जुलाई : गुप्त सूचना के आधार पर आदित्यपुर पुलिस ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए मुस्लिम बस्ती स्थित एच रोड में छापेमारी कर एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पकड़े गए युवक की पहचान 19 वर्षीय तैय्यब अंसारी, पिता मकसुद अली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से कुल 8.22 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है, जो दो छोटे सादे प्लास्टिक के पाउच में रखा गया था।
थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने जानकारी देते हुए बताया कि 3 जुलाई की सुबह पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुस्लिम बस्ती क्षेत्र में चोरी-छिपे मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला समीर सवैया के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
इस दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एच रोड स्थित मुस्लिम बस्ती में छापा मारा और तैय्यब अंसारी को मादक पदार्थ के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
छापेमारी दल में ये अधिकारी रहे शामिल :
समीर सवैया, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, सरायकेला
बिनोद तिर्की, प्रभारी थाना प्रभारी, आदित्यपुर
पु.अ.नि. सुधांशु कुमार
पु.अ.नि. विनोद टुडू
पु.अ.नि. सुरेश राम
पुलिस की यह कार्रवाई मादक पदार्थों की बढ़ती समस्या के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।



