गढ़वा-पलामू को दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की सौगात, 2,460 करोड़ की लागत से बदलेगा विकास का नक्शा

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

गढ़वा-पलामू को दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की सौगात, 2,460 करोड़ की लागत से बदलेगा विकास का नक्शा

गढ़वा, झारखंड – 03 जुलाई : झारखंड के गढ़वा जिले में गुरुवार को 2,460 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने किया। इस अवसर पर झारखंड सरकार के मंत्री राधाकृष्ण किशोर, पलामू सांसद विष्णु दयाल राम, चतरा सांसद काली चरण सिंह, स्थानीय विधायक सत्येन्द्रनाथ तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-39 के अंतर्गत शंखा से खजुरी तक बनने वाली चार लेन सड़क का लोकार्पण किया गया। यह मार्ग गढ़वा और पलामू को उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमाओं से जोड़ते हुए, क्षेत्र में तेज और सुरक्षित परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराएगा। अधिकारियों के अनुसार, इस सड़क के बन जाने से अब तक एक घंटे में तय होने वाली दूरी महज 20 मिनट में पूरी की जा सकेगी। इससे न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि औद्योगिक, कृषि और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

 

इसके साथ ही छत्तीसगढ़ और झारखंड की सीमा से गुमला तक बनने वाले एक अन्य मार्ग का शिलान्यास किया गया। यह सड़क रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर का हिस्सा होगी और रुपसेरा, रैदीह, सिलाम और गुमला जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में यातायात का दबाव कम करने में मददगार साबित होगी। इसके माध्यम से मौजूदा सड़कों पर लोड कम होगा और दुर्घटनाओं की संभावना भी घटेगी।

 

मंत्री गडकरी ने कहा कि इन सड़कों के माध्यम से क्षेत्र में वाणिज्य, व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

 

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे सड़क नेटवर्क विस्तार को ‘विकास का आधारभूत स्तंभ’ बताते हुए कहा कि झारखंड को सड़क संपर्क के माध्यम से राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में यह एक बड़ी उपलब्धि है।

 

उल्लेखनीय है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद झारखंड के पिछड़े माने जाने वाले पलामू और गढ़वा जिलों की भौगोलिक और आर्थिक स्थिति में व्यापक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Share This Article