रामगढ़ के कुजू में करमा कोलियरी की चाल धंसी, अवैध खनन कर रहे चार लोगों की मौत, कई घायल व लापता राहत-बचाव कार्य जारी, अवैध खनन पर फिर उठे सवाल

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

रामगढ़ के कुजू में करमा कोलियरी की चाल धंसी, अवैध खनन कर रहे चार लोगों की मौत, कई घायल व लापता

राहत-बचाव कार्य जारी, अवैध खनन पर फिर उठे सवाल

रामगढ़/कुजू, 05 जुलाई : शुक्रवार देर रात रामगढ़ जिले के कुजू थाना क्षेत्र स्थित करमा कोलियरी खदान में अवैध कोयला खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। खदान की चाल धंसने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के गंभीर रूप से घायल होने और कुछ के अब भी खदान में फंसे होने की आशंका है।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह हादसा रात करीब 2 बजे हुआ, जब कई ग्रामीण अवैध रूप से चाल में घुसकर कोयला निकालने का प्रयास कर रहे थे। तभी अचानक चाल की छत भरभरा कर धंस गई और वहां मौजूद लोग मलबे में दब गए।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर बचाव दल एवं अधिकारियों की टीम पहुंची और फंसे हुए लोगों को निकालने का अभियान शुरू किया गया।

अब तक चार शव बरामद किए गए हैं, जिनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है। घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की खबर मिलते ही जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधीक्षक व सीसीएल प्रबंधन मौके पर पहुंचे। एनडीआरएफ की टीम को भी अलर्ट पर रखा गया है। घटनास्थल पर बचाव कार्य लगातार जारी है।

इस हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में अवैध कोयला खनन के खतरनाक चलन को उजागर कर दिया है। करमा कोलियरी पहले भी अवैध खनन गतिविधियों को लेकर चर्चा में रही है।

प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं, और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बंद पड़ी खदान में अवैध खनन कैसे हो रहा था, और इसमें किन लोगों की मिलीभगत हो सकती है।

घटना पर राज्य भर से शोक व्यक्त किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई तथा पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Share This Article