वरिष्ठ पत्रकार मुजफ्फर हुसैन ‘प्रिंस’ के निधन पर शोक सभा आयोजित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

वरिष्ठ पत्रकार मुजफ्फर हुसैन ‘प्रिंस’ के निधन पर शोक सभा आयोजित

संवाददाता खूंटी 06 अगस्त : खूंटी जिले के वरिष्ठ पत्रकार मुजफ्फर हुसैन उर्फ प्रिंस के असामयिक निधन पर बुधवार को सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, खूंटी में शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा में मुख्य रूप से जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सैयद राशिद अख्तर, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े प्रतिनिधि तथा कार्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की एवं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुजफ्फर हुसैन उर्फ प्रिंस ने अपना समस्त जीवन पत्रकारिता, सामाजिक सरोकारों एवं जनहित के लिए समर्पित किया। उनके निधन से पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। शोक सभा के उपरांत उपस्थित लोगों ने मुजफ्फर हुसैन ‘प्रिंस’ के परिजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी।

विदित हो कि पत्रकार और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुजफ्फर हुसैन उर्फ प्रिंस सोमवार की देर रात निधन हो गया था। बताया गया कि रात करीब दो बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया गया। इसी दौरान उनकी मृत्यु हो गई। बताया गया कि वे मधुमेह से पीड़ित थे और हाल ही में उन्होंने आंख का ऑपरेशन कराया था। ऑपरेशन के बाद भी उन्हें अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था, जहां से स्वस्थ होकर घर लौटे थे। वे सरलता, मृदुभाषिता और खबरों के प्रति संवेदनशील रुख के लिए जाने जाते थे।

Share This Article