सरायकेला, 18 जून : सरायकेला-खरसावां पुलिस ने पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए बंद पड़े अभिजीत प्लांट में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे छह आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस सिलेंडर समेत लोहे की कटाई में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 जून की शाम करीब 7:30 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खरसावां थाना क्षेत्र के बुरूडीह स्थित बंद पड़े अभिजीत कारखाने में कुछ लोग गैस कटर की सहायता से लोहे को काटकर चोरी करने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सरायकेला के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने बिना समय गंवाए कारखाना परिसर में छापेमारी की। पुलिस को अपनी ओर आते देख आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को खदेड़कर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त उपकरण भी बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से दो ऑक्सीजन सिलेंडर, एक 14.4 किलोग्राम का एचपी गैस सिलेंडर, एक 5 किलोग्राम का बजाज गैस सिलेंडर, दो गैस कटर सेट, गैस पाइप, ऑक्सीजन रेगुलेटर, गैस रेगुलेटर, विभिन्न आकार के नोजल एवं अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में सत्यदेव महतो उर्फ राजू महतो (बुरूडीह), शिवचरण होनहागा (कोलबुरूडीह), नाया सुंडी (बुरुसाई), मेघलाल बिरूली, अजय हेम्ब्रम (बुरूडीह) तथा राकेश सरदार (देवगीरीसाई, भुरकुली) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सत्यदेव महतो उर्फ राजू महतो के खिलाफ पूर्व में भी खरसावां थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
एसपी की सक्रिय कार्यशैली फिर आई सामने
हाल के दिनों में सरायकेला-खरसावां पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण एवं चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की सक्रिय एवं परिणाममुखी कार्यशैली को दर्शाती है। समय रहते कार्रवाई होने से कारखाने की संपत्ति को बड़े नुकसान से बचा लिया गया।
इस सफल अभियान में खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह, अवर निरीक्षक अवधेश राय, सहायक अवर निरीक्षक बाबुजी बास्के, हवलदार सुंदर कुमार बेसरा, आरक्षी सनातन महतो, सरकारी चालक आरक्षी अनिस अनवर, खरसावां थाना की सैट टीम एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया है।