
चांडिल, 21 मार्च : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में ईद-उल-फितर का पर्व इस वर्ष भी आपसी भाईचारे, अनुशासन और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ मनाया गया। शनिवार सुबह निर्धारित समय पर क्षेत्र के विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की गई, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्र होकर देश और समाज में शांति, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी।
अनुमंडल के चांडिल, नीमडीह, कुकड़ू और ईचागढ़ चारों प्रखंड के विभिन्न गांवों झिमड़ी, सिंदूरपुर, तिरुलडीह, चौड़ा, गोरांगकोचा, आमडा, चांडिल और कपाली में स्थित मस्जिदों में नमाजियों की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई।
वहीं, कुकड़ू प्रखंड के तिरुलडीह स्थित नूरी मस्जिद में पेश इमाम हाफिज इस्लामउद्दीन ने नमाज अदा कराई और अपने खुतबे में आपसी सौहार्द, संयम और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
नमाज के बाद लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी और आपसी रिश्तों में मधुरता का संचार किया। घरों में पारंपरिक व्यंजनों – सेवइयां, लच्छा और अन्य पकवानों की खुशबू से माहौल उत्सवमय बना रहा। दिनभर लोगों का एक-दूसरे के घर आना-जाना जारी रहा, जिससे सामाजिक मेलजोल को मजबूती मिली।
त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, जबकि सभी थाना प्रभारी एवं पुलिस कर्मी लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहे।
समग्र रूप से चांडिल अनुमंडल में ईद-उल-फितर का पर्व सामाजिक सौहार्द, अनुशासन और प्रशासनिक समन्वय का सकारात्मक उदाहरण बनकर उभरा।



