चांडिल को मिली जाम से राहत की उम्मीद, सांसद संजय सेठ ने कहा – 31 जुलाई के बाद बदलेगी तस्वीर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल को मिली जाम से राहत की उम्मीद, सांसद संजय सेठ ने कहा – 31 जुलाई के बाद बदलेगी तस्वीर

चांडिल, 27 मई : रक्षा राज्यमंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ ने बुधवार को चांडिल जंक्शन तथा पितकी में निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज का निरीक्षण कर रेलवे और यातायात व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों का जायजा लिया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित हो रहे स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने साफ कहा कि आने वाले दिनों में चांडिल की पहचान सिर्फ जाम से नहीं, बल्कि बेहतर यातायात और आधुनिक सुविधाओं से होगी।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने स्टेशन पर लगाए गए तीन लिफ्ट, वेटिंग हॉल, टिकट बुकिंग काउंटर और प्लेटफॉर्म की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि छोटे शहरों के रेलवे स्टेशनों को भी बड़े शहरों जैसी सुविधाएं मिलनी चाहिए, ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके।
सबसे अधिक चर्चा पितकी में बन रहे रेलवे ओवरब्रिज को लेकर रही। सांसद ने बताया कि एनएच-32 को जोड़ने वाला यह ओवरब्रिज जल्द आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चांडिल में वर्षों से लगने वाले जाम से लोगों को भारी परेशानी होती थी, लेकिन 31 जुलाई के बाद स्थिति पूरी तरह बदल जाएगी। खासकर नीमडीह, पुरुलिया और धनबाद की ओर जाने वाले लोगों को अब घंटों फंसे रहने की समस्या से राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर में उड़ने वाली कोयला और आयरन धूल का मुद्दा भी उठा।

निरीक्षण के दौरान रेलवे के अधिकारी, स्टेशन मास्टर विष्णु तांती, सांसद प्रतिनिधि मनोज महतो, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान, जिला उपाध्यक्ष सारथी महतो, जिला महामंत्री भूषण मुर्मू, जिला मंत्री पप्पू वर्मा, प्रमुख रामकृष्ण महतो, विशाल चौधरी, DRCCU सदस्य दिवाकर सिंह, आकाश महतो, प्रभात पोद्दार, खुदी सिंह सरदार, बलराम महतो, अनिल सिन्हा, जगदीश महतो, जयंत रजक, सुमन मुखर्जी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Share This Article