खराब चापाकलों, जलमीनारों एवं बंद पेयजल योजनाओं को शीघ्र मरम्मति कराने का निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 11 मई : उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक हुई। मौके पर उपायुक्त ने जिले में संचालित विभिन्न पेयजल आपूर्ति योजनाओं की समीक्षा करते हुए खराब चापाकलों एवं जलमीनारों की जानकारी ली। उन्होंने खराब चापाकलों एवं जलमीनारों की शीघ्र मरम्मति सुनिश्चित करने, पेयजल संबंधी शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन करने तथा छूटे हुए सभी ग्राम एवं टोलों को नल-जल योजना से आच्छादित कर पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिए।

बैठक में ड्राई क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया ताकि आमजन को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े। इसके अतिरिक्त जल जीवन मिशन, सिंगल विलेज स्कीम, मल्टी विलेज स्कीम, 14वें एवं 15वें वित्त आयोग सहित विभिन्न योजनाओं के तहत निर्मित पेयजल आपूर्ति योजनाएं, जो वर्तमान में किसी कारणवश बंद या खराब हैं, उनकी शीघ्र मरम्मति कर पुनः संचालित करने का निर्देश दिया गया।

इसके अतिरिक्त सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए योजनाओं के सुचारु संचालन, जलापूर्ति की गुणवत्ता बनाए रखने तथा क्षेत्रीय स्तर पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में योजनाओं की प्रगति, कार्यों की अद्यतन स्थिति एवं लंबित मामलों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस अवसर पर प्रभारी उप विकास आयुक्त सह निदेशक डीआरडीए अजय तिर्की, कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी कनीय अभियंता, जिला समन्वयक, प्रखंड समन्वयक समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article