नौ साल बाद सच आया सामने : पीएम दौरे पर काला झंडा प्रकरण में सभी नेता बरी

चाईबासा, विशेष प्रतिनिधि,31 जुलाई : जमशेदपुर में 24 अप्रैल 2016 को प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान काला झंडा दिखाने के आरोप में दर्ज बहुचर्चित मामले में आज चाईबासा स्थित विशेष एमपी-एमएलए न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया। न्यायाधीश सुप्रिया रानी तिग्गा की अदालत ने सबूतों के अभाव में पूर्व मंत्री दुलाल भूइयाँ, झारखंड आंदोलनकारी हरमोहन महतो, बसपा नेता प्रणव महतो, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष रविंद्र झा समेत सभी आरोपित नेताओं को बरी कर दिया।
साकची थाना में दर्ज कांड संख्या 111/2016 में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला चल रहा था। करीब नौ वर्षों बाद आए फैसले में कोर्ट ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोप सिद्ध करने में असफल रहा।
फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए नेताओं ने कहा कि यह न्याय की जीत है और राजनीति प्रेरित साजिश का पर्दाफाश। उन्होंने न्याय व्यवस्था पर आस्था जताया और संविधान को सर्वोपरि कहा।



