स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरी, फुल ड्रेस परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास संपन्न

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

उपायुक्त व एसपी ने परेड का निरीक्षण कर राष्ट्रध्वज को दी सलामी, व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

सरायकेला, 13 अगस्त : स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को सरायकेला स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के लिए फुल ड्रेस परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने परेड का निरीक्षण किया तथा राष्ट्रध्वज को सलामी दी।

परेड के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने समारोह की तैयारियों और सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमापूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं।

अधिकारियों ने मौसम की संभावित परिस्थितियों को देखते हुए विशेष एहतियात बरतने और अतिरिक्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। स्टेडियम परिसर में मैदान के समतलीकरण, वाटरप्रूफ स्टॉल, वाहन पार्किंग समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया।

अंतिम पूर्वाभ्यास में जिला सशस्त्र बल, सीआरपीएफ, गृह रक्षा वाहिनी, एनएपी और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), सरायकेला की एक-एक टुकड़ी ने हिस्सा लिया। वहीं, बैंड दल में केजीबीवी सरायकेला और राजनगर की किशोरियों ने अपनी प्रस्तुति दी।

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने परेड में शामिल सभी दलों के अनुशासन और प्रयासों की सराहना की। उन्होंने परेड को बेहतर एवं अनुशासित तरीके से संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सभी जवानों एवं प्रतिभागियों से कदम से कदम मिलाकर स्वतंत्रता दिवस समारोह को उत्साह और अनुशासन के साथ सफल बनाने की अपील की।

मुख्य समारोह 15 अगस्त को सरायकेला के बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। समारोह को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा, पार्किंग, मंच, परेड और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, जिला खेल पदाधिकारी-सह-नजारत उप समाहर्ता अमित कुमार, स्थानीय थाना प्रभारी समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

Share This Article