सरायकेला, 4 अप्रैल : सरायकेला–खरसावां जिले में गृह रक्षक (होमगार्ड) नव नामांकन के तहत आयोजित शारीरिक दक्षता सह लिखित परीक्षा का परिणाम प्रशासन द्वारा आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।
बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में आयोजित इस परीक्षा में सरायकेला प्रखंड के महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों ने भाग लिया। कुल 1315 अभ्यर्थियों में से 860 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 455 अनुपस्थित रहे।
शारीरिक दक्षता परीक्षा के अंतर्गत आयोजित दौड़ में कुल 416 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए, जिनमें 144 पुरुष एवं 272 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। दौड़ में सफल अभ्यर्थियों ने अगले चरण में ऊँची कूद, लंबी कूद, शॉट पुट एवं हिंदी लेखन परीक्षा में भी भाग लिया।
इन सभी चरणों में प्राप्त अंकों के आधार पर अभ्यर्थियों का औपबंधिक (प्रोविजनल) अंक पत्र जिला की आधिकारिक वेबसाइट seraikela.nic.in पर अपलोड किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अंक पत्र केवल अभ्यर्थियों की जानकारी के लिए सार्वजनिक किया गया है। इसे अंतिम मेधा सूची नहीं माना जाएगा। अंतिम चयन सूची परीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी प्रखंडों एवं श्रेणियों के लिए एक साथ जारी की जाएगी।