
सिलाई प्रशिक्षण पूरा करने वाली महिलाओं को प्रमाण पत्र, जरूरतमंद महिलाओं को दी गई सिलाई मशीन
चांडिल, 19 नवंबर : विवेकानन्द केन्द्र सेवा एवं प्रशिक्षण प्रकल्प, चांडिल में गुरुवार को विवेकानन्द केन्द्र के संस्थापक एकनाथ जी रानाडे की जन्मतिथि ‘साधना दिवस’ एवं प्रकल्प का वार्षिक महोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर सामाजिक सेवा, महिला स्वावलंबन, स्वास्थ्य जागरूकता और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों, सेवा शिविरों और प्रदर्शनियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रोफेसर ज्योतिष कुमार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि गणेश वर्मा एवं मेधा चौधरी की उपस्थिति में एकनाथ जी रानाडे के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद स्वैच्छिक रक्तदान शिविर और निःशुल्क नेत्र जांच शिविर की शुरुआत हुई। वहीं, विभिन्न गृह उद्योगों के उत्पादों की प्रदर्शनी के साथ आर्ट गैलरी में चित्र एवं कला प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महोत्सव के दौरान प्रकल्प के सिलाई प्रशिक्षण केंद्र से प्रशिक्षण पूरा करने वाली महिलाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, जरूरतमंद महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीनें प्रदान की गईं। अतिथियों ने प्रकल्प की ओर से संचालित सेवा कार्यों और महिला सशक्तीकरण की पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर प्रकल्प की आगामी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। इसके तहत लाइब्रेरी की स्थापना और महिलाओं के लिए विशेष एक दिवसीय कौशल विकास कार्यशाला शुरू करने की योजना है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर ‘आनंदालय’ प्रारंभ किए जा रहे हैं। प्रकल्प की ओर से नियमित कार्यशालाओं के आयोजन की भी योजना है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ललन जी, सुशील लाल सहदेव, अमरनाथ मिश्रा, राजेश कुंडु, दुर्गा प्रसाद महतो एवं सुनीता देवी सहित अन्य कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



