अन्नपूर्णा भंडार योजना को लेकर झालदा व ईचाग में निकली विशाल रैली, महिलाओं ने जताया आभार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पुरुलिया, 26 अगस्त : पश्चिम बंगाल सरकार की अन्नपूर्णा भंडार योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने को लेकर बुधवार को पुरुलिया जिले के बागमुंडी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विशाल रैली निकाली। बागमुंडी विधानसभा के मंडल-5 अंतर्गत झालदा शहर तथा मंडल-2 के ईचाग अंचल के ईचाग गांव में आयोजित रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।

रैली के दौरान महिलाओं ने राज्य सरकार की योजना के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आर्थिक सहायता मिलने से उन्हें घरेलू जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार की महिला-केंद्रित योजनाओं को लेकर भी लोगों को जानकारी दी।

इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी तथा सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो के प्रति आभार व्यक्त किया। नेताओं ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में सरकार की योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

रैली में शामिल कार्यकर्ताओं ने कहा कि बंगाल की नारी शक्ति अब आत्मनिर्भरता और सम्मान के साथ आगे बढ़ रही है। कार्यक्रम के दौरान भाजपा समर्थकों ने सरकार के समर्थन में नारे भी लगाए। आयोजकों ने दावा किया कि दोनों स्थानों पर आयोजित रैलियों में महिलाओं और स्थानीय नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।

Share This Article