जनता दरबार में आमजन की आवाज़ सुनी गई, उपायुक्त ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जनता दरबार में आमजन की आवाज़ सुनी गई, उपायुक्त ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

सरायकेला, 30 जनवरी : जिले के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान की दिशा में जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में शुक्रवार को समाहरणालय भवन स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं नगर क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं को उपायुक्त ने गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना।

जनता दरबार में भूमि, शिक्षा, पेयजल, विद्युत एवं नगर निकाय से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रकरण सामने आए। प्रमुख रूप से खरसावाँ अंचल अंतर्गत हरिभांजा मौजा में लंबित सीमांकन से संबंधित मामला, नगर पंचायत सरायकेला के सिंदूरकुली टोला में पेयजल आपूर्ति एवं स्ट्रीट लाइट की समस्या, विद्युत खंभों पर एलईडी बल्ब अधिष्ठापन से जुड़े विषय शामिल रहे। इसके अलावा उत्क्रमित मध्य विद्यालय विचार, कुचाई में शिक्षक के स्थानांतरण के बाद उत्पन्न शिक्षक अभाव को देखते हुए विषयगत शिक्षक की प्रतिनियुक्ति का मामला भी जनता दरबार में उठाया गया।

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने संबंधित विभागीय, अंचल एवं नगर निकाय के पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों की विधिसम्मत, निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम नागरिकों के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है, जिससे समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव हो पाता है।

उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि जिन मामलों में स्थल निरीक्षण आवश्यक है, वहां संबंधित पदाधिकारी अविलंब स्थल निरीक्षण कर तथ्यात्मक प्रतिवेदन समर्पित करें, ताकि पीड़ित नागरिकों को शीघ्र न्याय और राहत मिल सके।

जनता दरबार के माध्यम से प्रशासन की यह पहल जिले में सुशासन, पारदर्शिता एवं जनविश्वास को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।

Share This Article