आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी ने किया विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

सरायकेला, 24 दिसंबर : आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत नीति आयोग द्वारा सरायकेला–खरसावां जिले के लिए नामित केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी विकाश सिंह, निदेशक, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली ने बुधवार को सरायकेला एवं गम्हरिया प्रखंड क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न पंचायतों एवं संस्थानों का निरीक्षण किया।
भ्रमण के दौरान उन्होंने सरायकेला प्रखंड परिसर स्थित मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई, पठानमारा पंचायत के धोबाडीह ग्राम स्थित आंगनवाड़ी केंद्र, इटाकुदर पंचायत के बुंडू ग्राम स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सरायकेला प्रखंड के तीतीरबिला पंचायत स्थित राजकीय पशु प्रजनन प्रक्षेत्र तथा गम्हरिया प्रखंड के बिरबांस पंचायत भवन एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बिरबांस का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई में पशुओं के उपचार एवं टीकाकरण व्यवस्था, आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की शिक्षा व पोषण की स्थिति, आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, राजकीय पशु प्रजनन प्रक्षेत्र में पशुपालन सेवाओं की कार्यशीलता तथा पंचायत भवन एवं विद्यालय में आधारभूत संरचना, स्वच्छता, उपस्थिति और शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया गया।
केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पशुपालन, स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा से जुड़ी सभी सेवाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता, नियमित उपस्थिति और सेवा गुणवत्ता बनाए रखने, मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयों के माध्यम से उपचार व टीकाकरण सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा शैक्षणिक संस्थानों में शैक्षणिक गतिविधियों के सुचारू संचालन हेतु आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की नियमित निगरानी कर आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।



