धोनी से मिले पर्यटन मंत्री सुदिव्य सोनू, खेल और पर्यटन को बढ़ावा देने पर हुई सकारात्मक चर्चा

रांची, 12 जुलाई : झारखंड के पर्यटन मंत्री सुदिव्य सोनू ने शनिवार को जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान राज्य में पर्यटन और खेल गतिविधियों के विकास को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
मंत्री सोनू ने बताया कि धोनी के अनुभव और मार्गदर्शन से झारखंड को पर्यटन और खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा, “धोनी की विशेषज्ञता और अंतरराष्ट्रीय पहचान इन दोनों क्षेत्रों को नई दिशा और गति देने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।”

मुलाकात के दौरान खेल पर्यटन (स्पोर्ट्स टूरिज्म), खेल अधोसंरचना (स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर) और राज्य के युवाओं को प्रेरित करने के लिए धोनी के साथ संयुक्त प्रयासों की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मंत्री सोनू ने यह भी कहा कि राज्य सरकार धोनी जैसे वैश्विक खेल व्यक्तित्व के साथ मिलकर झारखंड को खेल और पर्यटन का प्रमुख केंद्र (हब) बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
यह मुलाकात न सिर्फ शिष्टाचार के रूप में हुई, बल्कि इसमें झारखंड के विकास से जुड़ी ठोस योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया, जिससे आने वाले समय में राज्य को खेल और पर्यटन के क्षेत्र में एक नई पहचान मिल सकेगी।



