मधुश्री महतो के आरोपों पर माझी साव का पलटवार, जेसीबी से बालू उठाव की बात स्वीकार कर लाइसेंसी स्टॉक यार्ड में काम करने का किया दावा

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

कुकड़ू, 03 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र में कथित अवैध बालू खनन और परिवहन को लेकर कुकड़ू प्रखंड की राजनीति गरमा गई है। मामले में वर्तमान जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो और पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष सह ग्रामप्रधान अशोक साव उर्फ माझी साव आमने-सामने हैं। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं।

बुधवार को सिरुम स्थित अपने आवासीय कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान मधुश्री महतो ने बिना नाम लिए पूर्व नेता सह ग्रामप्रधान पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि तिरुलडीह क्षेत्र में पिछले चार वर्षों से कथित अवैध बालू कारोबार चल रहा है, लेकिन संबंधित व्यक्ति ने कभी इसका विरोध नहीं किया। उन्होंने दावा किया था कि रात के समय जेसीबी मशीनों से बालू लोडिंग तथा हाइवा और ट्रैक्टरों के जरिए परिवहन का काम चलता रहा।

मधुश्री महतो ने यह भी कहा था कि चुनावी माहौल को देखते हुए अब अवैध बालू कारोबार के खिलाफ आवाज उठाना जनता को गुमराह करने का प्रयास है।

मधुश्री महतो के आरोपों पर अब माझी साव ने वीडियो जारी कर पलटवार किया है। उन्होंने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि उनके पास दो जेसीबी मशीनें हैं और इन मशीनों से बालू उठाव का काम किया जाता है, लेकिन उन्होंने अवैध बालू कारोबार में संलिप्तता से इनकार किया। माझी साव के अनुसार, उनकी जेसीबी सरकारी लाइसेंसी स्टॉक यार्ड में बालू लोडिंग का काम करती है।

माझी साव ने पलटवार करते हुए मधुश्री महतो पर ठेकेदारी में परिवार के सदस्यों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि जिला परिषद निधि से होने वाले कार्यों में मधुश्री महतो के परिवार के सदस्य ही ठेकेदारी करते हैं।

इसके अलावा माझी साव ने आरोप लगाया कि मधुश्री महतो के भैंसुर द्वारा कथित रूप से अवैध बालू और गिट्टी का स्टॉक कर कारोबार किया जा रहा है। उन्होंने मधुश्री महतो के परिवार पर विस्थापितों की जमीन पर कथित अवैध कब्जा कर मकान निर्माण कराने का भी आरोप लगाया।

फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों ने कुकड़ू की सियासत को और गरमा दिया है।

Share This Article