माँ देवड़ी मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पत्नी कल्पना सोरेन के साथ की पूजा-अर्चना
रांची/तमाड़, 13 जून : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को अपनी विधायक पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन के साथ रांची जिले के तमाड़ स्थित प्रसिद्ध माँ देवड़ी मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। इस दौरान दोनों ने विधिवत पूजा कर माँ का आशीर्वाद लिया और राज्यवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, खुशहाली तथा झारखंड की निरंतर प्रगति की कामना की।
मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी ने मंदिर परिसर में श्रद्धाभाव के साथ पूजा-अर्चना कर प्रदेश में शांति, विकास और जनकल्याण की मंगलकामना की। मंदिर पहुंचने पर स्थानीय श्रद्धालुओं और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया।
गौरतलब है कि तमाड़ स्थित माँ देवड़ी मंदिर झारखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। इस मंदिर की ख्याति केवल राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर के श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एवं दिग्गज क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी भी इस मंदिर के प्रति विशेष आस्था रखते हैं और समय-समय पर यहां आकर पूजा-अर्चना करते रहे हैं।
माँ देवड़ी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है, जहां वर्षभर बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्था की गई थी।