आदिवासी महिला से कथित अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल, चांडिल के एसआई यमुना राम लाइन हाजिर
चांडिल, 13 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में एक आदिवासी महिला के साथ कथित अभद्र व्यवहार का आरोप सामने आने पर पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चांडिल थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर यमुना राम को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन हाजिर कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला से जुड़ा मामला होने के कारण इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध विभागीय एवं अनुशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में चांडिल थाना के एसआई यमुना राम पर एक आदिवासी महिला के साथ कथित दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखी गई, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति के साथ अनुचित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल जांच जारी है तथा पुलिस प्रशासन पूरे प्रकरण की पड़ताल में जुटा हुआ है।