महाशिवरात्रि पर दलमा शिखर में आस्था का सैलाब, गुफा स्थित प्राचीन शिवलिंग के दर्शन को उमड़ी भीड़

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

महाशिवरात्रि पर दलमा शिखर में आस्था का सैलाब, गुफा स्थित प्राचीन शिवलिंग के दर्शन को उमड़ी भीड़

चांडिल, 15 फरवरी : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी के शिखर पर विराजमान भगवान शिव के दर्शन हेतु श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। शनिवार रात से ही भक्त पैदल एवं वाहनों से दलमा पहाड़ की चढ़ाई शुरू कर चुके थे। रविवार को दिनभर “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना हुआ हैं।

घने जंगलों के बीच स्थित गुफा में विराजमान प्राचीन शिवलिंग के दर्शन के लिए दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में लगकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य फलित होती है। महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक, बेलपत्र अर्पण एवं रुद्राभिषेक कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।

श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर प्रशासन और सेवा समितियां सक्रिय रहीं। दलमा बुरु शिव मंदिर सेवा समिति के स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन, पेयजल एवं व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं चांडिल, नीमडीह एवं बोड़ाम थाना की पुलिस बल ने मार्ग में तैनात रहकर विधि-व्यवस्था संभाली।

इस पावन अवसर पर संजीव सरदार भी सपरिवार दलमा पहुंचे। उन्होंने गुफा में विराजमान शिवलिंग का विधि-विधान से पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। समिति के सदस्यों ने विधायक का स्वागत किया।

पूजा-अर्चना के उपरांत विधायक संजीव सरदार ने कहा कि दलमा शिखर पर प्रकृति की गोद में स्थित यह प्राचीन शिवस्थल आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत केंद्र है। यहां दर्शन मात्र से तन-मन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने ऐसे प्राचीन धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं विकास की आवश्यकता पर बल दिया।

महाशिवरात्रि के अवसर पर दलमा शिखर आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का संगम बना रहा।

Share This Article