शिवमय हुआ चांडिल अनुमंडल: थानों में गूंजे ‘हर-हर महादेव’, ईचागढ़ में निकली भव्य शिव बारात

चांडिल, 15 फरवरी : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर चांडिल अनुमंडल पूरी तरह शिवमय हो उठा है। अनुमंडल के सभी थाना परिसरों में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। सुबह से ही ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से वातावरण गूंजायमान है।
अनुमंडल के ईचागढ़ थाना में भव्य शिव बारात निकाली गई, जिसने क्षेत्रवासियों का मन मोह लिया। शिव बारात में भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की सजीव झांकियों के साथ-साथ विभिन्न पौराणिक प्रसंगों को दर्शाती आकर्षक झांकियां शामिल थीं। ढोल-नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा इस बारात में शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। यहां ईचागढ़ विधायक सबिता महतो, अनुमंडल पदाधिकारी विकास राय, थाना प्रभारी बजरंग महतो, शांति समिति एवं मंदिर कमिटी के अध्यक्ष अरुण मांझी आदि मुख्य रूप से सम्मिलित हुए।
वहीं चांडिल, चौका और तिरुलडीह थाना परिसरों में भी शिव मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया है। रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा, फूल-मालाओं और आकर्षक रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठे हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार उमड़ रही है और लोग विधि-विधान से पूजा-अर्चना में जुटे हैं।
चांडिल थाना परिसर स्थित शिव मंदिर को इस अवसर पर विशेष रूप से सजाया गया है। मंदिर में रात्रि आठ बजे से महादेव की विशेष पूजा-अर्चना प्रारंभ होगी। थाने के अधिकारी एवं कर्मी स्वयं अंतिम तैयारियों में जुटे हैं, जिससे आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
पूजा-अर्चना के उपरांत सभी थाना परिसरों में प्रसाद वितरण किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है। सुरक्षा एवं व्यवस्था के दृष्टिकोण से भी पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर चांडिल अनुमंडल का हर कोना भक्ति और आस्था की ज्योति से आलोकित नजर आ रहा है। प्रशासन और आमजन की सहभागिता से यह पर्व क्षेत्र में सौहार्द, श्रद्धा और सामाजिक एकता का संदेश दे रहा है।



