कलश स्थापना के साथ नौ दिवसीय श्री श्री नवाह्न परायण महायज्ञ का शुभारंभ

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कलश स्थापना के साथ नौ दिवसीय श्री श्री नवाह्न परायण महायज्ञ का शुभारंभ

कुकड़ू, 8 फरवरी : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत पारगामा स्थित प्राचीन शिव मंदिर प्रांगण में कलश स्थापना के साथ नौ दिवसीय श्री श्री नवाह्न परायण महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह महायज्ञ शिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ आयोजित किया जा रहा है।

महायज्ञ के शुभारंभ अवसर पर आयोजन स्थल से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धालु महिलाएं एवं पुरुष दूधी जुड़िया नदी से पवित्र जल लेकर कलश स्थापना के लिए मंदिर प्रांगण पहुंचे। कलश यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र वैदिक मंत्रोच्चारण एवं धार्मिक नारों से गुंजायमान रहा, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।

आयोजकों के अनुसार यह महायज्ञ पिछले पांच दशकों से अधिक समय से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। सोमवार को नवाह्न परायण महायज्ञ का जागरण रात्रि आयोजित किया जाएगा, जबकि मंगलवार को पूर्णाहुति एवं कलश विसर्जन के साथ महायज्ञ का समापन होगा।

महायज्ञ में घृतढाली एवं व्यास आसन पर आचार्य अरुण पांडे एवं विजय पांडे द्वारा धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं।

प्रवचनकर्ताओं के रूप में संजय पांडे, हेमंत दुबे, सुधीर दास, दयाल दास, अतित मुखर्जी एवं भवानंद दास शामिल हैं। वहीं भजन-कीर्तन में शिला देवी, दिनबंधु दास एवं तरनी दास अपनी मधुर प्रस्तुति दे रहे हैं।

इस अवसर पर सोलोआना कमेटी के राकेश रंजन महतो ने बताया कि यह महायज्ञ ग्रामीणों के सहयोग से हर वर्ष भव्य एवं श्रद्धापूर्वक आयोजित किया जाता है और पिछले पांच दशकों से सफलतापूर्वक इसकी परंपरा निभाई जा रही है।

मौके पर पारगामा पंचायत के मुखिया लालू माझी, पंचायत समिति सदस्य बुधनी सिंह मुंडा, उपमुखिया महेंद्रनाथ महतो, ग्राम प्रधान भरत चंद्र महतो, पूर्व पंचायत समिति सदस्य मनोरंजन सिंह सहित राकेश रंजन महतो, अनादी कुमार महतो, साहेबराम महतो, राजाराम महतो, परीक्षित महतो, शंशाकर महतो, युधिष्ठिर महतो समेत सैकड़ों ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।

Share This Article