विधायक सविता महतो ने संभाला मोर्चा, रुपाडीह में डायरिया पीड़ितों से मिलीं – चिकित्सा व स्वच्छता पर दिया विशेष जोर

नीमडीह, 08 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत रुपाडीह गांव में फैले डायरिया के प्रकोप को देखते हुए झामुमो विधायक सविता महतो सक्रिय रूप से आगे आईं। विगत 3 सितम्बर को एक दर्जन से अधिक ग्रामीण डायरिया की चपेट में आने की सूचना मिलते ही विधायक ने त्वरित संज्ञान लिया और स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
विधायक के पहल पर गांव में तत्काल मेडिकल कैंप लगाया गया, जहां मरीजों का इलाज शुरू हुआ। रविवार को स्वयं विधायक सविता महतो रुपाडीह पहुंचीं और पूरे गांव का भ्रमण कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इतना ही नहीं, उन्होंने नीमडीह स्वास्थ्य केंद्र जाकर भर्ती मरीजों का हालचाल भी जाना और चिकित्सकों को बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि “भोजन को अच्छी तरह पकाकर खाएं, पानी को उबालकर पिएं, तभी इस बीमारी से बचाव संभव है।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांव में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जाए, खराब पड़े चापाकल को ठीक कराया जाए और सोलर जल टंकी को शीघ्र चालू किया जाए, ताकि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।

इस दौरान झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलु महतो, प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप, सरत मंडल, उदय महतो, अनिल मांझी समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
विधायक की सक्रियता को लेकर ग्रामीणों ने उनकी सराहना की और कहा कि उनकी पहल से गांव को समय रहते राहत मिली।



