चांडिल में खुला नृत्य, संगीत व गायन अकादमी, सुलभ होगा प्रशिक्षण

चांडिल, 07 सितंबर : चांडिल में रविवार को नौरंगराय सूर्यादेवी ट्रस्ट, कोलकाता की इकाई नौरंगराय सूर्यादेवी नृत्य, संगीत एवं गायन अकादमी का विधिवत उद्घाटन हुआ। अकादमी का विधिवत उदघाटन रूचाप स्थित नौरंगराय सूर्यादेवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार गणेश कुमार मेहता, समाजसेवी हिकिम चंद्र महतो और विद्यालय के सचिव डा शिशिर चटर्जी ने संयुक्त रूप से किया गया। अकादमी के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों तबला, गिटार, नृत्य, शास्त्रीय संगीत आदि का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यहां गिटार गुरु विश्वजीत बनर्जी, तबला गुरु बैद्यनाथ बनर्जी, नृत्य गुरु बारना गांगुली, संगीत गुरु आशीष नंदी देंगे। अकादमी में स्पोकेन इंग्लिश भी सिखाया जाएगा।

सपनों को पंख दे सकेंगे लोग
ट्रस्ट की ओर से चांडिल थाना के सामने पुराना शिशु मंदिर स्कूल भवन में नौरंगराय सूर्यादेवी नृत्य, संगीत एवं गायन अकादमी का संचालन किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में बच्चों ने नृत्य, गीत और वाद्य यंत्रों में अपने हुनर का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर चांडिल में किए जा रहे नई शुरुआत का साक्षी बने। लोगों ने बड़े उत्साह के साथ अकादमी खोले जाने पर ट्रस्ट का आभार व्यक्त किया। उपस्थित लोगों ने कहा अब वे अपने सपनों को पंख दे सकेंगे।
हुनरमंद बनेंगे बच्चे
चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के स्कूली बच्चों में नृत्य, संगीत और गायन सीखने की ललक धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है। स्कूलों में गरमी की छुट़्टी होने पर आयोजित किए जाने वाले शिविरों में बच्चे इस क्षेत्र में बढ़-चढ़कर शामिल होने लगे हैं। वहीं क्षेत्र के शौकिया गाने-बजाने वाले भी सुरों की साधना करना चाहते हैं। लोगों में नृत्य के प्रति भी आकर्षण बढ़ा है। ऐसे में यह अकादमी चांडिल वासियों के लिए अपने हुनर को तरासने का एक प्रमुख केंद्र बनेगा। नौरंगराय सूर्यादेवी ट्रस्ट की ओर से मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल यहां प्रति रविवार कक्षाएं संचालित की जाएगी। सोमवार से ही अकादमी में दाखिला लेने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगा।



