चाईबासा में लोन रिकवरी एजेंट की हत्या, कॉल पर बुलाकर सिर में मारी गई गोली

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चाईबासा में लोन रिकवरी एजेंट की हत्या, कॉल पर बुलाकर सिर में मारी गई गोली

चाईबासा, 14 जुलाई : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा सदर थाना क्षेत्र स्थित नीमडीह मुहल्ले में रविवार रात एक युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नीमडीह निवासी सुमित यादव के रूप में हुई है, जो लोन रिकवरी एजेंट के रूप में कार्यरत था।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे सुमित यादव अपने घर में था, तभी उसके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल आने के बाद वह मोबाइल लेकर घर से बाहर निकला। उसी दौरान पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उसे बातों में उलझाकर करीब 100 मीटर दूर ले गए और सिर में सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही सुमित मौके पर ही गिर पड़ा।

घटना के समय क्षेत्र में हल्की बारिश हो रही थी, जिससे मोहल्ले में सन्नाटा पसरा हुआ था और लोग अपने-अपने घरों में थे। गोली की आवाज सुनकर जब स्थानीय लोग बाहर निकले, तो उन्होंने सुमित को खून से लथपथ हालत में सड़क पर गिरा पाया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल सुमित को तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया गया। हालांकि, रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

हत्या के बाद अपराधी सुमित का मोबाइल फोन भी साथ ले गए, जिससे वारदात के पीछे की मंशा को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और कॉल डिटेल्स के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

फिलहाल इस घटना से नीमडीह मुहल्ले और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article