डहरे टुसु परब 2026 को लेकर नियमावली जारी, 4 जनवरी को निकलेगी भव्य शोभायात्रा

जमशेदपुर, 31 दिसंबर : बृहद झारखंड कला संस्कृति मंच ने डहरे टुसु परब 2026 के आयोजन को लेकर एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर विस्तृत नियमावली की घोषणा की है। मंच के अनुसार यह लोक–प्रकृति–धान (डिनी) आधारित पारंपरिक पर्व आगामी 4 जनवरी 2026 (रविवार) को डिमना से साकची (आमबागान) तक भव्य शोभायात्रा के रूप में आयोजित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य टुसु परंपरा को उसकी मूल सांस्कृतिक पहचान के साथ संरक्षित और प्रस्तुत करना है।
मंच ने स्पष्ट किया है कि डहरे टुसु परब को किसी भी रूप में मूर्ति पूजा का स्वरूप नहीं दिया जाएगा। टुसु की मूर्ति पूर्णतः निषिद्ध रहेगी तथा केवल परंपरागत चौड़ल एवं प्रतीकात्मक स्वरूप ही मान्य होगा। आयोजन स्थल एवं मंच का उपयोग किसी भी राजनीतिक गतिविधि या प्रचार के लिए नहीं किया जाएगा। चौड़ल सजावट में प्लास्टिक, थर्माकोल और फोम के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा।
शोभायात्रा में महिलाएं पीले रंग की साड़ी और पुरुष पीला गमछा धारण करेंगे। सभी झंडे पीले रंग के होंगे। केवल बृहद झारखंड कला संस्कृति मंच का मुख्य बैनर ही मान्य होगा, जिसे महिलाएं सबसे आगे लेकर चलेंगी।
कार्यक्रम में केवल लोकगीत, टुसु गीत और नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। नशा, शराब और तंबाकू सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। मंच ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करते हुए इस लोक–सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाएं।



