बाघमुंडी में आजसू की शक्ति प्रदर्शन सभा, सुदेश महतो ने किया नए कार्यालय का उद्घाटन

बाघमुंडी (पुरुलिया), 23 फरवरी : पश्चिम बंगाल में वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव से पूर्व राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में बाघमुंडी के एक निजी लॉज में आजसू पार्टी की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने किया।
सभा में प्रखंड के आठ क्षेत्रों से कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए। पार्टी नेतृत्व ने संगठन को बूथ स्तर तक सुदृढ़ करने, जनसंपर्क अभियान तेज करने तथा मानभूम और जंगलमहल क्षेत्र की उपेक्षा व वंचना के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।
कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सक्रिय भूमिका निभाने और क्षेत्रीय मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभा के उपरांत हाट तल्ला में पार्टी के नए कार्यालय का उद्घाटन किया गया। नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ सुदेश महतो ने किया।
इस अवसर पर बंगाल प्रभारी सुनील सिंह महतो, जिला सचिव डॉ. चमन खान सहित कई स्थानीय नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह सभा आगामी चुनाव को देखते हुए संगठनात्मक मजबूती और शक्ति प्रदर्शन का संकेत है।
वर्ष 2021 में बाघमुंडी विधानसभा सीट पर एनडीए गठबंधन के तहत बने समीकरण 2026 में दोहराए जाएंगे या नहीं, इस पर अंतिम निर्णय पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा। फिलहाल, इस कार्यक्रम के बाद क्षेत्र में चुनावी चर्चाएं और कयास तेज हो गए हैं।



